कोयलीबेड़ा में नल-जल योजना की चोरी का खुलासा, शातिर चोर रंगे हाथों गिरफ्तार
कोयलीबेड़ा। पुलिस ने नल-जल योजना के तहत स्थापित सामग्री की चोरी कर फरार होने वाले एक शातिर चोर को रंगे हाथों पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी अर्जुन नेतम (उम्र 32 वर्ष), पिता मुन्नाराम, जाति देवर, निवासी संजयपारा भानुप्रतापपुर है, जो लंबे समय से चोरी की घटनाओं में सक्रिय था।

थाना कोयलीबेड़ा में दर्ज अपराध क्रमांक 10/2025, धारा 305, 331(5) बीएनएस के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को उस समय पकड़ा जब वह ग्राम कोयलीबेड़ा की नल-जल योजना से चोरी की गई सामग्री को अपनी मोटरसाइकिल में लादकर ले जा रहा था। पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान अर्जुन नेतम ने अंतागढ़ और भानुप्रतापपुर क्षेत्रों में भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक योजनाओं की सामग्री की चोरी गंभीर अपराध है, और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
