कवर्धा हत्याकांड का खुलासा: प्रेमिका की हत्या कर सेप्टिक टैंक में छिपाने वाला आरोपी गिरफ्तार
कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने तेजी, संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए एक बेहद गंभीर हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की सतर्क जांच ने न सिर्फ हत्या की पूरी कहानी उजागर की, बल्कि आरोपी द्वारा सबूत मिटाने के लिए शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने की कोशिश भी सामने लाई।

घटना की शुरुआत तब हुई जब भोजराम पटेल, उम्र 23 वर्ष, निवासी बंधाटोला, थाने पहुंचा और जानकारी दी कि उसने अपनी प्रेमिका कमनी निषाद (उम्र 20 वर्ष, निवासी छैटुखपरी, थाना मोहारा, जिला राजनांदगांव) को प्रेम संबंध के चलते 07 नवंबर 2025 को बिना परिजनों को बताए हैदराबाद से अपने गांव लाया था। लड़की के परिजनों द्वारा गुमशुदगी की आशंका में थाना सहसपुर लोहारा में मिसिंग नंबर 38/25 दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान पुलिस को भोजराम के परिवारजनों से पूछताछ में कई विरोधाभास मिले, जिससे मामला संदिग्ध लगने लगा। संदेह गहराने पर पिता जहाल पटेल से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे जातिगत कारणों से अपने बेटे का कमनी निषाद से प्रेम संबंध स्वीकार नहीं था। इसी रंजिश में उसने कमनी की गला दबाकर हत्या की, फिर उसे कीटनाशक पिलाया और सबूत मिटाने की नीयत से शव को अपने ही घर के सेप्टिक टैंक में छिपा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक कवर्धा श्री धर्मेन्द्र सिंह (BPS) के निर्देशन में एएसपी श्री पुष्पेंद्र बघेल, एसडीओपी श्री प्रतीक चतुर्वेदी और थाना प्रभारी सहसपुर लोहारा इंस्पेक्टर मनीष मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी का मेमो तैयार कराया और FSL टीम, गवाहों व पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर सेप्टिक टैंक तोड़कर कमनी निषाद का शव बरामद किया। शव को विधिवत पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर प्रयुक्त कीटनाशक की बोतल (पॉयजन 505) भी जब्त की। आरोपी जहाल पटेल (उम्र 50 वर्ष), निवासी बंधाटोला के खिलाफ अपराध क्रमांक 264/2025 धारा 103(1), 238(b) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष मिश्रा, FSL टीम, सहायक उपनिरीक्षक बलदाऊ भट्ट एवं पूरी पुलिस टीम की तत्परता और तकनीकी दक्षता सराहनीय रही।
