बेमेतरा पुलिस का जनजागरण अभियान: “हमर पुलिस हमर बाजार” और “हमर पुलिस हमर गांव” से बढ़ रही जागरूकता

0

बेमेतरा जिले में समुदाय आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में “हमर पुलिस हमर बाजार” और “हमर पुलिस हमर गांव” कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को नए कानूनों और अपराध से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। जिले के हाट-बाजारों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों में पुलिस टीमें प्रतिदिन लोगों से सीधे संवाद कर रही हैं।

इसी क्रम में पुलिस थाना देवरबीजा की टीम ने आज देवरबीजा स्थित सर्व सेवा सहकारी समिति मर्यादित परिसर में आसपास के ग्रामीणों को विभिन्न अपराधों से सावधान रहने के लिए जागरूक किया। थाना प्रभारी (एडीआई) रेशम लाल भास्कर एवं उनकी टीम ने ग्रामीणों को नए आपराधिक कानून, यातायात नियम, साइबर अपराध, धोखाधड़ी, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव और अन्य आपराधिक गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को 2023 में लागू नए कानून—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम—के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया। साथ ही साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, OTP फ्रॉड, गलत संदेश और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से कैसे बचा जाए। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की।

यातायात सुरक्षा के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। ग्रामीणों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, सड़क पर मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसों का कारण बन सकती है, इसलिए नियमों का पालन हर नागरिक का कर्तव्य है।

बेमेतरा पुलिस द्वारा समुदाय आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए हाट-बाजारों, गांवों, स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में लगातार ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग कानून, सुरक्षा और साइबर जागरूकता के विषय में जानकारी प्राप्त करें और खुद भी समाज को सुरक्षित बनाने में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों