कबीरधाम पुलिस ने 8 साल पुराने अंधे हत्याकांड का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

0
600184666_1268734955280551_297671405923822226_n

कबीरधाम (छत्तीसगढ़)।
कबीरधाम पुलिस ने कड़ी मेहनत, सतत निगरानी और सटीक विवेचना के दम पर वर्ष 2017 के एक 8 साल पुराने अंधे हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह उपलब्धि जिले में लंबित गंभीर अपराधों के निराकरण की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

पोस्टमार्टम से खुला था हत्या का राज

उल्लेखनीय है कि कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम अमनिया की रहने वाली 14 वर्षीय बालिका राजबाई का शव एक पेड़ से चुन्नी के सहारे लटका हुआ मिला था। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण दम घुटना बताया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि पूर्व नियोजित हत्या थी। इसके बाद संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

वर्षों तक अंधा रहा मामला, 2025 में फिर खुली फाइल

घटना के बाद लंबे समय तक मामला अंधा बना रहा। वर्ष 2025 में पुराने लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कबीरधाम पुलिस ने इस केस को प्राथमिकता में लिया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, संदिग्धों पर नजर रखी गई और गहन पूछताछ शुरू की गई।

इसी क्रम में साक्षी लक्ष्मण टेकाम, निवासी ग्राम नेउर का बयान सामने आया, जो पूर्व में भयवश सामने नहीं आ सका था। साक्षी का कथन न्यायालय में दर्ज होने के बाद जांच को निर्णायक दिशा मिली।

हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप दिया गया

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दयाल उर्फ दयालाल बैगा द्वारा यह स्वीकार किया गया कि उसने बालिका की गला दबाकर हत्या की, और बाद में शव को पेड़ से लटका कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक साल में 14 अंधे हत्याकांडों का खुलासा

कबीरधाम पुलिस ने बीते एक वर्ष में जिले के कुल 14 पुराने अंधे हत्याकांडों का सफल खुलासा किया है। इनमें कवर्धा क्षेत्र का चर्चित डॉक्टर दंपती हत्याकांड, तरेगांव और पिपरिया थाना क्षेत्र के मामले भी शामिल हैं। इन कार्रवाइयों से आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरे मामले में निरीक्षक संग्राम सिंह धुर्वे के नेतृत्व में गठित टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। सतत फील्डवर्क, तकनीकी विश्लेषण और सटीक विवेचना के जरिए टीम ने वर्षों पुराने मामले को सुलझाया।

कबीरधाम पुलिस का स्पष्ट संदेश

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कितना भी पुराना अपराध क्यों न हो, अपराधी कानून से नहीं बच सकता। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे सभी लंबित मामलों पर सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों