PACL ठगी मामला: निवेशकों से धोखाधड़ी करने वाले 10 आरोपी डायरेक्टर गिरफ्तार
बेमेतरा।
कोतवाली थाना बेमेतरा पुलिस ने निवेशकों को दोगुना राशि लौटाने का लालच देकर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले PACL कंपनी से जुड़े आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बेमेतरा और बेरला थाना क्षेत्र से जुड़े इस प्रकरण में आरोपी डायरेक्टरों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

आरोपियों पर गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
पुलिस विवेचना के दौरान आरोपी डायरेक्टर सिंकंदर सिंह, जोगिंदर टाइगर, सुखदेव सिंह, निर्मल सिंह भंगू, तरलोचन सिंह उर्फ त्रिलोचन सिंह, अनुराग शर्मा, गुरमीत सिंह और सुब्रतो भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में विवेचना पूर्ण होने पर आरोपियों के खिलाफ माननीय न्यायालय में धारा 173(8) के तहत चालान प्रस्तुत किया गया है।
फरार आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया
मामले में अन्य आरोपी नरेंद्र सिंह मेहता को 31.08.2025 को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, फरार चल रहे डायरेक्टर गुरजंत सिंह गिल (80 वर्ष) और गुरनाम सिंह (69 वर्ष), जो अन्य राज्यों में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के मामलों में निरुद्ध थे, उन्हें प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से बेमेतरा लाकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
कई राज्यों में दर्ज हैं आर्थिक अपराध
दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश और पंजाब में धारा 409, 420, 467, 468, 471 एवं 120(B) के तहत गंभीर आर्थिक अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब कंपनी से जुड़े अन्य फरार डायरेक्टरों और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार साहू के नेतृत्व में गठित टीम—सहायक उप निरीक्षक दिनेश चंद शर्मा, कांवल सिंह नेताम, आरक्षक धनसाई मिरे, सुरेंद्र जांगड़े सहित बेमेतरा व बेरला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
