बीजापुर में नक्सल मंसूबे नाकाम, कर्रेगुट्टा पहाड़ियों से नक्सली डंप बरामद
बीजापुर:
सुरक्षा बलों की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई के चलते नक्सलियों के मंसूबों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। थाना उसूर क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ी श्रृंखला के डोलिगुट्टा पीक इलाके में चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान शुरू किया। इस दौरान जंगल और पहाड़ी इलाके में तलाशी लेते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियार, विस्फोटक सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग के सामान बरामद किए गए, जिन्हें किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से संग्रहित किया गया था।
सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई के कारण नक्सलियों की किसी भी बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया। बरामद सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि नक्सली क्षेत्र में हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन बलों की सतर्कता ने उनके इरादों को नाकाम कर दिया।
फिलहाल बरामद हथियार और विस्फोटकों को सुरक्षित रूप से जब्त कर लिया गया है और पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि डंप किस नक्सली संगठन से संबंधित है और इसमें शामिल अन्य नक्सलियों की पहचान की जा सके।
सुरक्षा बलों ने दोहराया है कि नक्सल उन्मूलन अभियान पूरी मुस्तैदी से जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
