पलारी पुलिस और साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्करी में एक नाबालिग सहित दो आरोपी गिरफ्तार
पलारी (बलौदाबाजार):
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल और थाना पलारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गांजा की तस्करी और बिक्री में संलिप्त एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक स्कूटी के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम अमेरिका से चेरकापुर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2.004 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹16,000 बताई जा रही है, बरामद किया गया। साथ ही अवैध तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG-22 AE-5734 को भी जब्त किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्कूटी के माध्यम से गांजा की तस्करी कर उसे अलग-अलग स्थानों पर बेचने की फिराक में थे। मामले में एक आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान गोपनीय रखी जा रही है और उसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण इस प्रकार है—
1. विशाल साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी रामसागर तालाब के पास, थाना सिटी कोतवाली, बलौदाबाजार।
2. एक नाबालिग बालक, जिसकी पहचान विधि अनुसार उजागर नहीं की गई है।
पलारी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
