तेज रफ्तार बस चालक की गुंडागर्दी: पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश, कोंडागांव पुलिस ने भेजा जेल

0

जिला कोंडागांव पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के साथ पुलिस पर जानलेवा हमला करने वाले बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। केशकाल घाटी क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति के बावजूद बस चालक द्वारा खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने और पुलिसकर्मियों की जान को खतरे में डालने का मामला सामने आया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जगदलपुर से नागपुर जा रही यात्री बस क्रमांक CG-17-LC-5355 का चालक घाटी क्षेत्र में जाम के दौरान गलत दिशा से तेज रफ्तार में ओवरटेक कर रहा था। यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए तैनात पुलिस टीम ने जब विश्रामपुरी चौक पर बस को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने बस को पुलिसकर्मियों की ओर चढ़ाने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बस रोकने के बाद आरोपी चालक नीचे उतरा और पुलिस कर्मियों से गाली-गलौज करते हुए अनावश्यक बहस करने लगा। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 121(1), 132 एवं 296 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पुष्पेंद्र कोर्राम (उम्र 29 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे गंभीर आरोप पाए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों