शांतिपूर्ण मेले के लिए ग्राम चेतुवा मेला समिति ने बेमेतरा पुलिस को किया सम्मानित, SSP रामकृष्ण साहू को मिला धन्यवाद
बेमेतरा जिले के बेरला ब्लॉक स्थित गुरु अमरदास जी समाधि मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय ग्राम चेतुवा मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न होने के बाद मेला आयोजन समिति द्वारा बेमेतरा पुलिस की सराहना करते हुए सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मेला आयोजन समिति के सदस्यों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री रामकृष्ण साहू (IPS) सहित मेले में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, सुचारू यातायात प्रबंधन एवं सतत निगरानी के कारण इस वर्ष मेला बिना किसी अव्यवस्था या अप्रिय घटना के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर थाना प्रभारी बेरला निरीक्षक सी. दास, कंडारका चौकी के उप निरीक्षक डी.एल. सोना, प्रधान आरक्षक दिनेश मंडावी, दिनानाथ यादव, आरक्षक सुरेंद्र जांगड़े, हेमंत साहू, धनसाय मिराय, दमन धीवर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों को मेला समिति द्वारा सम्मानित किया गया।
मेला समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक मेले में पहुंचे थे, बावजूद इसके पुलिस की मुस्तैदी, त्वरित कार्रवाई और यातायात नियंत्रण के चलते पूरे आयोजन के दौरान शांति बनी रही। यह पुलिस की जागरूकता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है।
सम्मान समारोह के दौरान बेमेतरा पुलिस अधिकारियों ने भी मेला आयोजन समिति एवं आम नागरिकों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही किसी भी बड़े आयोजन को सफल बनाया जा सकता है। भविष्य में भी इसी प्रकार समन्वय और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई। मेला आयोजन समिति ने एक बार फिर बेमेतरा पुलिस के कार्यों की सराहना की।
