धमतरी पुलिस की अनोखी पहल: जवानों को मिला सुरक्षित निवेश और बचत का मंत्र, वित्तीय सशक्तिकरण पर कार्यशाला
धमतरी पुलिस द्वारा पुलिस कर्मियों के वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। 04 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक धमतरी की पहल पर निवेश, बचत और वित्तीय नियोजन विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल हुए।
इस कार्यशाला का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को सुरक्षित निवेश विकल्पों, आयकर नियमों और दीर्घकालिक वित्तीय योजना के बारे में व्यावहारिक जानकारी देना था, ताकि वे अपने भविष्य को आर्थिक रूप से मजबूत बना सकें। पुलिस अधिकारियों को बताया गया कि सही समय पर सही निवेश कैसे किया जाए और जोखिम से बचते हुए धन को कैसे बढ़ाया जा सकता है।

कार्यक्रम में राज्य सरकार के एमओयू के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा और म्यूचुअल फंड विशेषज्ञों की टीम ने प्रस्तुति दी। विशेषज्ञों ने सरल भाषा में बैंकिंग योजनाएं, म्यूचुअल फंड, बीमा और टैक्स सेविंग विकल्पों की जानकारी साझा की, जिससे जवानों को वित्तीय निर्णय लेने में मदद मिल सके।

इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक (जीएम) श्री दिवाकर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासित बचत, सुरक्षित निवेश और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वित्तीय योजना बनाने की सलाह दी।
धमतरी पुलिस प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं आगे भी आयोजित की जाएंगी, ताकि पुलिसकर्मी न केवल कानून व्यवस्था में बल्कि आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।
