बालोद पुलिस की बड़ी कामयाबी: ऑटो से रेकी कर सूने मकानों में चोरी करने वाला अंतरजिला गिरोह गिरफ्तार, 3 लाख के जेवर बरामद

0
5 jan 21

बालोद जिले में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई कार्रवाई में अंतरजिला चोर गिरोह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के कीमती जेवरात लगभग 3 लाख रुपये मूल्य के बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन के समय ऑटो से घूम-घूमकर सूने और ताला बंद मकानों की रेकी करते थे और रात के अंधेरे में ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। ग्राम ओटेबंद, थाना गुंडरदेही क्षेत्र में हुई चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित की।

इस मामले में त्रिनयन एप के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिला। सैकड़ों कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण कर संदिग्ध ऑटो और आरोपियों की पहचान की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने भिलाई क्षेत्र में लगातार कैंप कर चार आरोपियों को चिन्हित कर विधिवत गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, घटना में प्रयुक्त ऑटो, कटर और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य जिलों में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है

इस कार्रवाई में सायबर सेल बालोद और थाना गुंडरदेही की संयुक्त टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों