ऑपरेशन ‘उजियारा’ में कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्कर गिरफ्तार, सीधा जेल भेजा गया

0

कांकेर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘उजियारा’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। भानुप्रतापपुर थाना पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बेचने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को धर दबोच कर जेल भेज दिया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमल (बीपीएस) और एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुलहड़कट्टा गांव के चिकन मार्केट क्षेत्र में एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को प्लास्टिक की थैली के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नेहरू बेलसरिया, निवासी कुलहड़कट्टा, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर के रूप में हुई।

जब पुलिस ने उसके पास मौजूद थैली की तलाशी ली तो उसमें से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए गांजे का वजन करीब 1.052 किलो पाया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 52,500 रुपये आंकी गई है।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों