अवैध अंग्रेजी व महुआ शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा वार, दो तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब जब्त
कांकेर जिले के बांदे थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इरपनार गांव में की गई इस छापेमारी से अवैध रूप से बेची जा रही अंग्रेजी और देशी महुआ शराब का खुलासा हुआ है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार कुर्रे (पखांजूर) के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रवि कुमार कुजूर की निगरानी में अलग-अलग टीम बनाकर की गई। पुलिस को गांव में अवैध शराब बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर योजनाबद्ध दबिश दी गई।
छापेमारी के दौरान पहले आरोपी सचिन तरुवा (उम्र 34 वर्ष), निवासी इरपनार के कब्जे से हावर्ड 5000 बीयर की 14 बोतलें और गोवा स्पेशल व्हिस्की के 4 पउवा जब्त किए गए। वहीं दूसरे आरोपी देबुनंदी (उम्र 29 वर्ष), निवासी शक्तिनगर, इरपनार के पास से गोल्डन गोवा व्हिस्की के 25 पउवा और हाथ भट्टी से बनी देशी महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
