रायपुर में 36 एक्टिवा वाहन चोरी का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 21 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 36 एक्टिवा वाहन चोरी के मामले का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी समेत कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹19.80 लाख मूल्य के चोरी किए गए वाहन भी बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से शहर के अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करता था और बाद में उन्हें खपाने की फिराक में रहता था। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम ने आरोपियों तक पहुंच बनाकर एक-एक कर सभी को दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी और संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
