महासमुंद में बड़ी कार्रवाई, 150 किलो गांजा जब्त, 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और बसना थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 150 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त करते हुए 3 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें तस्करी में संलिप्त आरोपियों को धरदबोचा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांजे की खेप को एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाने की फिराक में थे। संयुक्त टीम ने सतर्कता बरतते हुए घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा और उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।
जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।
