बीजापुर में ‘पुना मार्गम’ योजना का बड़ा असर, ₹1.41 करोड़ के इनामी 52 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
नक्सल उन्मूलन को लेकर सरकार और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों का बीजापुर जिले में बड़ा सकारात्मक परिणाम सामने आया है। ‘पुना मार्गम’ योजना के तहत हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए 52 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों पर कुल ₹1 करोड़ 41 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस की लगातार बढ़ती सक्रियता, सघन ऑपरेशन, विकास कार्यों और पुनर्वास योजनाओं से प्रभावित होकर नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। अधिकारियों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों को सरकारी पुनर्वास नीति के अंतर्गत सुरक्षा, आर्थिक सहायता, रोजगार प्रशिक्षण और समाज में पुनः स्थापित होने के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
प्रशासन ने इसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, विश्वास और विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों के जरिए नक्सलियों को हिंसा छोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाता रहेगा।
