रेलवे ट्रैक पर मिला सिरकटा शव, पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस; पत्नी सहित 4 आरोपी गिरफ्तार
रेलवे लाइन के पास ग्राम माजगांव के समीप मिले सिरकटा युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया है। पहचान छुपाने के इरादे से की गई इस निर्मम हत्या में पत्नी, ससुर का भाई (चाचा ससुर) और दो सुपारी किलर सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने युवक की हत्या कर उसकी पहचान मिटाने के लिए धड़ को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, जबकि सिर को ग्राम डिग्गी में जमीन खोदकर दबा दिया गया। हत्या का मुख्य कारण मृतक और उसकी पत्नी के बीच लगातार विवाद, मारपीट और अमानवीय व्यवहार बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूरी वारदात पूर्व नियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई। आरोपियों ने पार्टी का बहाना बनाकर युवक को बुलाया, नशे की हालत में तलवार से हमला कर उसकी हत्या की, फिर सिर अलग कर सबूत मिटाने का प्रयास किया। हत्या को अंजाम देने के लिए दो सुपारी किलरों की मदद ली गई थी।
मामले की गहन विवेचना, घटनास्थल की कड़ियों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और पहचान संबंधी कार्रवाई के आधार पर पुलिस टीम ने ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने में सफलता हासिल की। इस उल्लेखनीय खुलासे पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को ₹5,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
👥 गिरफ्तार आरोपी
- दरासिंह अनंत (44), निवासी ग्राम डिग्गी, थाना भाटापारा ग्रामीण – सुपारी किलर
- करन अनंत (34), निवासी ग्राम बोदा जरूड, थाना भाटापारा ग्रामीण – सुपारी किलर
- राजेश भारती (32), निवासी ग्राम दारचुरा, थाना सिमगा – पत्नी का चाचा (चाचा ससुर)
- कुसुम जोशी (35), निवासी ग्राम भोटीहिडीह, थाना चंदनू, जिला बेमेतरा – मृतक की पत्नी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के जघन्य अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
