ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता: 9 साल पहले लापता युवक को कांकेर पुलिस ने खोज निकाला, परिजनों से मिलवाया

0
WhatsApp Image 2025-08-19 at 7.44.35 PM

कांकेर। पुलिस के मानवीय और सतत प्रयासों से एक परिवार को वर्षों बाद अपने बिछड़े बेटे से मिलने की खुशी मिली है। कांकेर पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत 09 वर्ष पूर्व गुम हुए युवक सुकचंद कुंजाम को सकुशल खोजकर उसके माता-पिता और परिजनों से मिलवाया गया। इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, चौकी दुधावा क्षेत्र के ग्राम मांडाभरी निवासी शीतल राम कुंजाम ने वर्ष 2017 में अपने 22 वर्षीय पुत्र सुकचंद कुंजाम के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि सुकचंद 27 जून 2017 को साल्हेटोला जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग न मिलने पर चौकी दुधावा में गुम इंसान का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

समय बीतने के साथ-साथ युवक का कोई ठोस पता नहीं चल पाया। स्थिति यह थी कि सुकचंद का आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र तक नहीं बन पाया था, जिससे उसकी पहचान और तलाश और भी चुनौतीपूर्ण हो गई। वर्षों तक इंतजार के बाद परिजन उसके मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ चुके थे।

पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा के निर्देश पर ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत गुमशुदा बच्चों व व्यक्तियों की सघन तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा एवं उप पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में चौकी दुधावा पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सायबर तकनीक और अन्य तकनीकी साधनों की मदद से लगातार प्रयास कर 09 वर्ष पूर्व बिछड़े युवक का सफलतापूर्वक पता लगाया।

अपने बेटे को वर्षों बाद सकुशल देखकर माता-पिता और परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। कांकेर पुलिस की इस सराहनीय और मानवीय कार्रवाई की हर ओर प्रशंसा हो रही है। इस पूरे अभियान में निरीक्षक योगेन्द्र वर्मा, निरीक्षक यशवंत श्याम, उप निरीक्षक प्रेमशंकर ठाकुर, आरक्षक प्रमोद कोर्राम तथा सायबर सेल के आरक्षक हिमेश मंडावी का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों