कांकेर में यातायात पुलिस का सराहनीय प्रयास, हाईवे पर चलने वाले 185 चालकों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

0

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस कांकेर द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य हाईवे पर चलने वाले वाहन चालकों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करना रहा।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान छोटे एवं बड़े वाहनों के कुल 185 चालकों की आंखों की जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. मोनिका नेताम (नेत्र विभाग) एवं डॉ. प्रेरणा रावत (नेत्र विभाग) सहित उनकी टीम ने चालकों की विस्तृत जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

यातायात पुलिस द्वारा जांच के साथ-साथ चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने तथा ओवरलोडिंग न करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कई सड़क दुर्घटनाएं चालकों की लापरवाही और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण होती हैं, जिन्हें समय रहते रोका जा सकता है।

शिविर के दौरान चालकों को सड़क सुरक्षा से जुड़ा जागरूकता संदेश भी दिया गया और बताया गया कि अच्छी दृष्टि, स्वस्थ शरीर और नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा की सबसे बड़ी कुंजी है। चालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बेहद उपयोगी बताया।

यातायात पुलिस कांकेर ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए इस तरह के जागरूकता और स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों