शहीदों के बलिदान को राजनांदगांव पुलिस का सलाम! 29 वीर जवानों को श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों के सम्मान में रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर

0
746261362_1437067845124094_6764914628761349265_n

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव पुलिस ने 12 जुलाई 2009 के कोरकोट्टी नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक स्व. विनोद कुमार चौबे सहित 29 वीर पुलिस जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा को नमन करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्व. विनोद कुमार चौबे की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद शहीद स्मारक पर सभी वीर जवानों को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शहीद परिवारों का शॉल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने परिवारों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव पुलिस परिवार और समाज को प्रेरित करता रहेगा तथा उनके परिवारों का सम्मान और सहयोग पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान शहीदों की स्मृति में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें 21 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान कर मानव सेवा के माध्यम से वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के लिए अमूल्य है और उनके परिवारों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के साहस, देशभक्ति और बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए राष्ट्र और समाज की सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों