पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में अलसुबह सघन चेकिंग अभियान, उत्कल नगर व रायपुर नाका में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र के अंतर्गत उत्कल नगर ओड़िया बस्ती एवं रायपुर नाका इलाके में पुलिस द्वारा अलसुबह सघन जांच एवं सत्यापन अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधों पर नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना रहा।

अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, चाकू अथवा हथियार रखने वालों की पहचान, नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश, तथा वाहनों की पावरफुल ऐप के माध्यम से जांच की गई। इसके साथ ही संदिग्धों के घरों की तलाशी एवं अवैध प्रवासियों की पहचान को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई।
🔍 कई बिंदुओं पर की गई गहन जांच
इस विशेष अभियान में यात्रियों के फिंगरप्रिंट सत्यापन, पहचान पत्रों की जांच और इलाके में रह रहे बाहरी व्यक्तियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखते हुए क्षेत्र में गहन पेट्रोलिंग भी की।
👮♂️ कई थानों व इकाइयों की रही संयुक्त भागीदारी
यह अभियान अधिकारी श्री दिलीप सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें थाना पद्मनाभपुर से निरीक्षक राजकुमार लहरे एवं स्टाफ, भिलाई नगर से निरीक्षक जितेंद्र वर्मा, एसटीएफ बघेरा से निरीक्षक महेश ध्रुव, रक्षित केंद्र दुर्ग तथा महिला थाना पुलिस बल की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध वस्तु, हथियार, नशीले पदार्थ या अवैध प्रवासी से संबंधित कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




