दुर्ग रेंज को मिला नया IG, अभिषेक शांडिल्य (BPS) ने संभाला पदभार, कानून-व्यवस्था पर दिया स्पष्ट संदेश
दुर्ग रेंज में पुलिस प्रशासन को नया नेतृत्व मिला है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अभिषेक शांडिल्य (BPS) ने दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण के अवसर पर वर्तमान आईजी रामगोपाल गर्ग ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

कार्यभार संभालने के बाद आईजी अभिषेक शांडिल्य ने कार्यालय में उपस्थित सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं समग्र पुलिसिंग व्यवस्था से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, निष्पक्ष और प्रभावी पुलिसिंग उनकी प्राथमिकता रहेगी।
आईजी शांडिल्य ने विशेष रूप से पुलिस विभाग के भीतर बेहतर समन्वय, कार्यक्षमता और जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि टीमवर्क के माध्यम से ही बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को जनता से जुड़े मामलों में त्वरित और न्यायसंगत कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखानंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा सहित सभी राजपत्रित अधिकारी एवं कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
