अवैध शराब पर करारा प्रहार: राजनांदगांव पुलिस ने 3 महीने में 127 मामलों में ₹39.53 लाख के वाहन जब्त
राजनांदगांव जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। बीते तीन महीनों के दौरान राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 127 मामलों में इस्तेमाल किए गए वाहनों को जब्त किया है।

इन सभी मामलों में जब्त किए गए वाहनों की कुल कीमत ₹39,53,549 आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने और नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है।
विशेष अभियान के तहत थाना स्तर पर लगातार चेकिंग, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त दोपहिया, चारपहिया एवं अन्य वाहनों को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




