रोड सेफ्टी मंथ में बड़ा अभियान, अमलीपदर में सड़क सुरक्षा कार्यक्रम व लर्निंग लाइसेंस कैंप आयोजित
रोड सेफ्टी मंथ के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में थाना अमलीपदर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा कार्यक्रम एवं लर्निंग लाइसेंस कैंप का संयुक्त आयोजन किया गया। इस एकदिवसीय शिविर में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता के साथ-साथ लाइसेंस संबंधी सेवाएं भी प्रदान की गईं।

कैंप के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए कुल 375 लोगों ने आवेदन किया, वहीं 35 लोगों को लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को यातायात नियमों से जोड़ते हुए सुरक्षित ड्राइविंग की आदत विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नियमों का पालन न करने से होने वाली दुर्घटनाएं न केवल जीवन के लिए खतरा बनती हैं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करती हैं।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर, सरपंच हैमो नागेश, जिला सदस्य निर्भय सिंह ठाकुर, समाजसेवी श्रवण कुमार सतपती, पूर्व सरपंच सेवन सिंह पुजारी एवं युवा नेता पंकज माझी की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम की सराहना की।
पुलिस विभाग की ओर से उप निरीक्षक पी.के. जांगड़े, मेजर राजेश बघेल, रिज़वान खान तथा यातायात विभाग से उप निरीक्षक रमा मरकाम अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
