शांतिपूर्ण संपन्न हुआ बेरला का तीन दिवसीय मड़ई मेला, आयोजन समिति ने की बेमेतरा पुलिस की सराहना
बेमेतरा जिले के बेरला नगर में आयोजित तीन दिवसीय मड़ई मेला इस वर्ष भी शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नगरवासियों ने मेले में पहुंचकर आयोजन को भव्य रूप दिया।

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर बेमेतरा पुलिस प्रशासन द्वारा की गई तैयारियां सराहनीय रहीं। मेला आयोजन समिति के सदस्यों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री रामकृष्ण साहू (IPS) सहित मेला ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रशंसा की।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि पुलिस प्रशासन के समन्वय, सतत निगरानी और सहयोग के चलते पूरे मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनी रही, जिससे आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। इस वर्ष मड़ई मेले में पिछले वर्षों की तुलना में अधिक संख्या में लोग पहुंचे, जिससे यातायात और सुरक्षा व्यवस्था एक बड़ी चुनौती थी।
इसके बावजूद बेमेतरा पुलिस द्वारा प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट, सुव्यवस्थित सुरक्षा इंतजाम और लगातार मॉनिटरिंग के चलते मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। आयोजन समिति ने इस सफल आयोजन के लिए बेमेतरा पुलिस को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने मेला आयोजन समिति और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता जनता के सहयोग से ही संभव होती है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग और समन्वय की अपील की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत बेरला अध्यक्ष श्री विशाल राज देशलहरे, मड़ई समिति अध्यक्ष श्री शिव झाड़ी सिन्हा, श्री बलराम सिवारे, प्रतिनिधि अध्यक्ष श्री यतीश द्विवेदी, श्री बलराम यादव, वार्ड पार्षद लक्ष्मी लता वर्मा, मथुरा साहू, अंजली पाटिल, कु. उमा नेताम सहित मेला समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
