सत्यनारायण बाबा पर आपत्तिजनक पोस्ट पड़ी भारी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर श्री सत्यनारायण बाबा जी के खिलाफ आपत्तिजनक, अशोभनीय और निंदनीय टिप्पणी करने वाले युवक पर रायगढ़ पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी सरोज रात्रे को कोरबा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी को धार्मिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में पुलिस का अहम कदम माना जा रहा है।

पुलिस को इस मामले में लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें फेसबुक आईडी “Soozoo” से श्री सत्यनारायण बाबा जी को लेकर आपत्तिजनक वीडियो और पोस्ट साझा किए जाने की जानकारी दी गई थी। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद थाना कोतरारोड़ में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
साइबर थाना और थाना कोतरारोड़ की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद एक विशेष टीम कोरबा भेजी गई, जहां कोरबा पुलिस के सहयोग से आरोपी सरोज रात्रे को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा करने में इस्तेमाल किया गया विवो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति इस कृत्य में शामिल था या नहीं। यदि अन्य संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार सक्रिय है और किसी भी प्रकार की धार्मिक भावना भड़काने वाली या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
