नशे के सौदागरों पर पुलिस का वार! बिलासपुर में 60 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी
राजधानी रायपुर के बाद अब न्यायधानी बिलासपुर में भी नशे के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। गोगो पेपर और रोलिंग पेपर की खुलेआम बिक्री पर रोक लगाने की दिशा में पुलिस ने जिले भर में 60 से अधिक ठिकानों पर एकसाथ दबिश दी, जिससे नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि राज्य में बढ़ते नशे के जाल को अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रायपुर में गोगो पेपर, स्मोकिंग कोन और रोलिंग पेपर जैसे उत्पादों पर प्रतिबंध के बाद, बिलासपुर में भी इसी तर्ज पर सख्त कार्रवाई शुरू की गई है। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में नशे से जुड़े उपकरण जब्त किए गए।
जांच में सामने आया कि ये सामग्री पान ठेलों, किराना दुकानों, चाय दुकानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आसानी से उपलब्ध थी। इससे न सिर्फ युवाओं बल्कि नाबालिगों में भी नशे की लत बढ़ने की आशंका बनी हुई थी। सोशल मीडिया और आम नागरिकों से मिल रही लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने निर्णायक कदम उठाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। गोगो पेपर और रोलिंग पेपर के पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी। इसमें इस अवैध कारोबार से जुड़े सरगनाओं, सप्लायरों और प्रोड्यूसर्स को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से आम जनता में भरोसा जगा है कि युवाओं के भविष्य और सामाजिक वातावरण को सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन गंभीर है। नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
