बीजापुर में एनकाउंटर: DRG जवानों ने 2 कुख्यात माओवादियों को किया ढेर, AK-47 बरामद
दक्षिण बीजापुर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सर्च ऑपरेशन के दौरान DRG (डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड) के जवानों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात नक्सली मारे गए। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से दोनों माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं।

सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सघन सर्च अभियान के दौरान माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी आधार पर DRG जवानों ने इलाके में घेराबंदी कर सर्चिंग शुरू की, तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो माओवादी मारे गए।

मुठभेड़ स्थल की तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री मिली है। बरामद सामग्री में एक नग AK-47 राइफल, एक नग 9 एमएम पिस्टल, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री सहित अन्य नक्सली सामान शामिल है। इससे यह स्पष्ट होता है कि मारे गए माओवादी किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति बहाली के उद्देश्य से नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। मुठभेड़ के बाद इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है, ताकि किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।
