मध्यप्रदेश पुलिस का सख्त एक्शन: चोरी और नकबजनी गिरोहों पर प्रहार, ₹1 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति बरामद
मध्यप्रदेश में चोरी, नकाबजनी और लूट की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में राज्य के कई जिलों में की गई कार्रवाई के दौरान एक करोड़ रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस की इस सख्ती से संगठित अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

पन्ना जिले में मंदिरों और रिहायशी मकानों को निशाना बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सोना-चांदी के जेवरात, भगवान की छत्र-मुकुट सहित करीब 2.5 किलोग्राम चांदी बरामद की गई है। यह गिरोह लंबे समय से सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था।
शिवपुरी में सराफा व्यापारी की दुकान से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 9.128 किलोग्राम चांदी बरामद कर अहम सफलता हासिल की है। वहीं इंदौर में शादी समारोह और पार्किंग से जुड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने 19 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
रतलाम जिले में अंतरराज्यीय गिरोह के 2 आरोपियों को महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि भोपाल में नकाबपोश बदमाशों की गिरफ्तारी के साथ 4 चोरी की वारदातों का खुलासा किया गया है। इसके अलावा छतरपुर, बालाघाट, विदिशा, खरगोन और कटनी जिलों में भी पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण बरामदगी की गई है।
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और संगठित अपराधों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
