रायगढ़ में स्पा की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, होटल ट्रिनिटी में छापा, दो आरोपी गिरफ्तार

0

रायगढ़ जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शहर के होटल ट्रिनिटी स्थित सनराइज स्पा एंड सैलून में देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर बड़ी कार्रवाई की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से स्पा सेंटर पर छापा मारा गया। कार्रवाई से पहले एक पुलिस पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा गया। जैसे ही संकेत मिला, पुलिस टीम ने होटल की सातवीं मंजिल पर स्थित स्पा सेंटर में दबिश दी।

छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं पाई गईं। महिलाओं की गरिमा और मर्यादा को ध्यान में रखते हुए तलाशी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ली गई, जहां से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। मौके से स्पा सेंटर से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी पुलिस ने जब्त किए।

पूछताछ में स्पा संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि ग्राहकों को आकर्षित कर अवैध कमाई के उद्देश्य से महिलाओं को उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस ने होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल, ₹6,000 नगद राशि, सनराइज स्पा से संबंधित दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर, वर्ष 2024 से किरायानामा दस्तावेज और आपत्तिजनक सामग्री जप्त की है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा और अन्य अनैतिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों