नशे के सौदागरों पर दुर्ग पुलिस की बड़ी मार, गोगो-हुक्का नेटवर्क का भंडाफोड़, 17 गिरफ्तार
दुर्ग जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और समन्वित कार्रवाई करते हुए गोगो, रोलिंग पेपर और हुक्का सामग्री की अवैध बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में दुर्ग पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर नशे के सामान की अवैध सप्लाई पर करारा प्रहार किया।
पुलिस द्वारा इस विशेष अभियान के तहत 35 से अधिक टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने जिले के विभिन्न इलाकों में योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित नशीले पदार्थों और हुक्का से जुड़ी सामग्री जब्त की गई, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
इस संयुक्त ऑपरेशन में कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से युवाओं को निशाना बनाकर गोगो, रोलिंग पेपर और हुक्का सामग्री की अवैध बिक्री कर रहे थे, जिससे समाज में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही थी।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA Act) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क के तार जिले के बाहर या अन्य राज्यों से तो नहीं जुड़े हुए हैं।
दुर्ग पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
