बायपास पर बड़ी कार्रवाई! ग्वालियर में 6 देशी पिस्टल के साथ दो हथियार तस्कर गिरफ्तार

0
16 feb 2.1

ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 देशी पिस्टल (32 बोर) और 5 अतिरिक्त मैगजीन जब्त की हैं। यह कार्रवाई ग्वालियर-झांसी बायपास स्थित सुरों बेहटा पुल के पास की गई, जहां आरोपी अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए पहुंचे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने और तस्करी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से अवैध हथियार लेकर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान शिवम तिवारी (21 वर्ष) निवासी मुरैना और अंकित शर्मा (23 वर्ष) निवासी मुरैना के रूप में हुई। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पिट्ठू बैग से 5 पिस्टल व मैगजीन बरामद हुईं, जबकि दूसरे के कब्जे से एक पिस्टल और मैगजीन मिली। मौके से रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल (MP09-AH-9616) भी जब्त की गई।

प्रारंभिक जांच में आरोपियों ने बताया कि वे खरगोन जिले के भीकनगांव क्षेत्र से करीब 12 हजार रुपये प्रति पिस्टल की दर से हथियार खरीदकर ग्वालियर और आसपास के जिलों में 40 से 50 हजार रुपये में बेचने की फिराक में थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि पूर्व में कितने हथियार सप्लाई किए गए हैं और नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

आरोपियों के खिलाफ थाना क्राइम ब्रांच में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों की तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों