मोबाइल में लोन ऐप डाउनलोड करवा 5 लाख की ठगी! कांकेर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

0
16 feb 3

कांकेर जिले में लोन दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लक्ष्मण साहू को गिरफ्तार किया है, जिसने एक व्यक्ति से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपी ने आसान लोन दिलाने का झांसा देकर पूरा खेल रचा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल फोन में लोन ऐप डाउनलोड कराया और उसके माध्यम से ₹6,39,456 का लोन स्वीकृत कराया। इसके बाद चालाकी से उस रकम में से ₹5,00,000 अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित जांच करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान लक्ष्मण साहू ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 64/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 316(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी के विरुद्ध थाना नरहरपुर (पूर्वी क्षेत्र) में भी धोखाधड़ी का एक अन्य मामला दर्ज बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में लोन ऐप डाउनलोड न करें और बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों