अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर गरियाबंद में जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं को अधिकार और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

0
9.2.2

गरियाबंद जिले में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस द्वारा विशेष महिला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम थाना गरियाबंद क्षेत्र के बहेराबुड़ा गांव में पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की दिव्या सिन्हा और संजू भारते ने अपने बीट क्षेत्र के गांव बहेराबुड़ा पहुंचकर महिलाओं से संवाद किया। इस वर्ष के वैश्विक विषय “राइट्स, जस्टिस एंड एक्शन” को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक-आर्थिक भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, शिक्षा के महत्व और लैंगिक समानता के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनके सशक्त होने से पूरा समाज मजबूत बनता है।

इसके साथ ही महिलाओं को पुलिस विभाग के ‘अभिव्यक्ति’ ऐप के बारे में जानकारी दी गई, जिससे वे जरूरत पड़ने पर आसानी से पुलिस से मदद प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न और यौन शोषण जैसे मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा की गई।

इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई और समाज में फैल रही नशे की प्रवृत्ति के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने सभी से नशे से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों