UPSC में 35वीं रैंक लाकर वैभवी अग्रवाल ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, पुलिस कमिश्नर ने घर पहुंचकर किया सम्मान
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली वैभवी अग्रवाल को रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने उनके निवास पहुंचकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर उन्होंने वैभवी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वैभवी अग्रवाल की इस सफलता से पूरे प्रदेश में गर्व और खुशी का माहौल है। कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर उन्होंने यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार रैंक हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण पेश किया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि वैभवी की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा इस सफलता से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत करें।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर सहित पुलिस कमिश्नरेट की टीम के अन्य अधिकारियों ने भी वैभवी अग्रवाल को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान वैभवी अग्रवाल और उनके परिवार को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। उनकी इस सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
