41 टन लोहे के एंगल से भरा ट्रेलर चोरी करने वाला हेल्पर पकड़ा, 60 लाख की संपत्ति बरामद
रायगढ़ जिले में 41 टन लोहे के एंगल से भरे ट्रेलर की चोरी का बड़ा मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के ट्रेलर के साथ आरोपी को पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई में करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर चालक धर्मराज जाट, निवासी अजमेर (राजस्थान), अपने ट्रेलर में जेएसपीएल रायगढ़ से करीब 41 टन लोहे का एंगल लोड करवा कर आया था। 7 मार्च की शाम उसने ट्रेलर को जिंदल गेट के बाहर सड़क किनारे खड़ा किया और कागजात जांच कराने के लिए कार्यालय चला गया। उस समय ट्रेलर में उसका हेल्पर मौजूद था और वाहन की चाबी भी उसी के पास थी।

करीब एक घंटे बाद जब चालक वापस लौटा तो ट्रेलर वहां नहीं मिला। हेल्पर का मोबाइल भी बंद था। इसके बाद चालक ने ट्रेलर और उसमें लोड लोहे के एंगल की चोरी की आशंका जताते हुए थाना कोतरारोड में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी के निर्देश दिए। सघन जांच के दौरान सक्ती ट्रैफिक पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रेलर को रोककर कोतरारोड पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ लिया और ट्रेलर सहित लोहे के एंगल को जब्त कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि चोरी की वारदात एक नाबालिग हेल्पर ने अंजाम दी थी। पुलिस ने उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए ट्रेलर की कीमत करीब 40 लाख रुपये और उसमें लोड लोहे के एंगल की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
