महिला से छेड़छाड़ का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, कोंडागांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई
कोंडागांव जिले के उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना उस समय की है जब पीड़ित महिला अपनी मां के गांव से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान मंडागांव निवासी आरोपी कामेश्वर नाग (23 वर्ष) ने महिला को अकेला देखकर उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। आरोपी ने महिला को गिराकर उसके साथ छेड़छाड़ की।
घटना के दौरान आसपास लोगों के आने की आहट पाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में पीड़िता ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे गोडमा चौक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और युवतियों के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए कोंडागांव पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
