बिलासपुर में होटल की छत पर चल रहा था अवैध हुक्का बार, पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार
बिलासपुर जिले में अवैध हुक्का बार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चकरभाठा थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल की छत पर अवैध रूप से हुक्का पिलाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मौके से हुक्का और उससे जुड़े कई उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में होटल और बार में अवैध हुक्का संचालन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान चकरभाठा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान होटल के संचालक सिद्धार्थ गुप्ता को मौके से गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हुक्का पॉट, 12 चिलम, 12 पाइप, 12 स्टैंड, कोको जेल कोयला, कोल हीटर, तंबाकू युक्त फ्लेवर और 5 हजार रुपये नकद सहित करीब 55 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (COTPA) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध हुक्का बार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
