‘ऑपरेशन प्रहार’ में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.15 करोड़ का अवैध कबाड़ और वाहन जब्त
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यह कार्रवाई पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस ने एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 134 टन स्क्रैप से लदे 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ लिया। इन वाहनों में लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल और अन्य स्क्रैप सामग्री लोड थी, जिसे औद्योगिक क्षेत्र के प्लांटों में खपाने की योजना थी। जब वाहन चालकों से परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए स्क्रैप की कीमत लगभग 50 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि जब्त किए गए वाहनों की कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पूरी कार्रवाई में कुल मिलाकर करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस द्वारा जब्त की गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पूंजीपथरा स्थित एक मिनी राइस मिल में मैग्नीज मेटल और पाईलेट लोहे की गोली भी अवैध रूप से डंप कर रखी गई है। पुलिस ने वहां छापा मारकर मैग्नीज मेटल और लोहे की पाईलेट गोली से भरी कई बोरियां बरामद कीं। संबंधित व्यक्ति वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद सामग्री को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस मामले में विभिन्न ट्रक चालकों सहित कुल 8 मामलों में कार्रवाई की गई है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। रायगढ़ पुलिस औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाले ऐसे अपराधों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।




