बिलासपुर में ई-चालान के फर्जी मैसेज से रेलवे कर्मचारी से 2.85 लाख की साइबर ठगी
बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठगों ने फर्जी ई-चालान मैसेज भेजकर एक रेलवे कर्मचारी के खाते से करीब 2 लाख 85 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित विवेक कुमार रेलवे विभाग में ट्रेन मैनेजर के पद पर बिलासपुर कंट्रोल रूम में पदस्थ हैं। उनके मोबाइल पर रात के समय ओवरस्पीडिंग से जुड़ा एक ई-चालान मैसेज आया, जिसमें किसी प्रकार की राशि का उल्लेख नहीं था। मैसेज संदिग्ध लगने पर उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया।
हालांकि कुछ समय बाद साइबर ठगों ने उनके आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े अमेजन पे क्रेडिट कार्ड को हैक कर लिया। इसके बाद अलग-अलग चार ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके खाते से कुल 2.85 लाख रुपये निकाल लिए गए।
इतना ही नहीं, ठगों ने पीड़ित के मोबाइल नंबर से लिंक ई-मेल आईडी भी बदल दी, जिससे उन्हें समय रहते ट्रांजेक्शन की जानकारी नहीं मिल सकी। जब पीड़ित को ठगी का पता चला तो उन्होंने तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर तोरवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, मैसेज या ई-चालान से जुड़े संदिग्ध संदेशों पर क्लिक न करें और सतर्क रहें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।
