9 लाख के हीरे के साथ तस्कर गिरफ्तार! गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 34 नग हीरे जब्त
गरियाबंद जिले में अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये के 34 नग बहुमूल्य हीरे बरामद किए गए हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से हीरे रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना गरियाबंद और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ग्राम नहरगांव तिराहा के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंशीधर सेठी के रूप में हुई है, जो ओडिशा के कालाहांडी जिले का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 34 नग छोटे-बड़े चमकीले बहुमूल्य खनिज पदार्थ (हीरे) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से हीरों की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
