CRPF का सिविक एक्शन: गरियाबंद में ग्रामीणों को मिला इलाज, बच्चों को पढ़ाई सामग्री और महिलाओं को सिलाई मशीन

0
m28.4.1

गरियाबंद जिले के बिन्द्रानवागढ़ क्षेत्र में जी/65 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन कर ग्रामीणों को बड़ी राहत पहुंचाई गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षा बलों ने न केवल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं, बल्कि जरूरतमंद लोगों को दैनिक उपयोग की सामग्री भी वितरित की।

कमांडेंट राधेश्याम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उप कमांडेंट सुधेन्द्र सिंह और सहायक कमांडेंट राजीव रतन के नेतृत्व में ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इस दौरान बिन्द्रानवागढ़, खमारीपारा, बोईरबेहरा और तिमनपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सिलाई मशीन, साड़ियां और मच्छरदानी दी गईं, वहीं स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, ड्राइंग बॉक्स, चप्पल और अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। इससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इस पहल की सराहना की।

सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के सिविक एक्शन प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों की मदद करना, गांव के विकास में सहयोग देना और युवाओं को शिक्षा के जरिए मुख्यधारा से जोड़ना है। साथ ही सकारात्मक जुड़ाव के माध्यम से नक्सलवाद के प्रभाव को कम करना भी इस पहल का अहम लक्ष्य है।

इस कार्यक्रम में सीआरपीएफ के अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, चौकी बिन्द्रानवागढ़ प्रभारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। यह पहल सुरक्षा बलों और आम जनता के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों