नकली सोना बेचकर 2.20 लाख की ठगी, सूरजपुर पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

0
m30.12

सूरजपुर जिले में नकली सोना बेचकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना चांदनी पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने असली सोने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की थी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय ठग गिरोहों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

मामले में ग्राम दर्रीपारा निवासी पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ दिनों पहले उसे मोबाइल पर कॉल कर सस्ते दाम में सोना बेचने का लालच दिया गया। आरोपी उसे बिहारपुर नवाटोला ले गए, जहां सोने का सैंपल दिखाया गया। जांच कराने पर सैंपल असली निकला, जिससे पीड़ित को भरोसा हो गया और उसने सौदा करने की सहमति दे दी।

इसके बाद तय स्थान पर आरोपियों ने कपड़े में लपेटकर पीतल को सोने की तरह दिखाकर पीड़ित को दे दिया और करीब 2 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। बाद में जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना चांदनी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ के बाद अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 1 लाख 24 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के ठगी मामलों में सतर्क रहना बेहद जरूरी है और किसी भी संदिग्ध लेन-देन से पहले पूरी जांच-पड़ताल करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों