“ऑपरेशन आघात” के 2 महीने पूरे: रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹4.50 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त

0
m31.4.1

रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” ने दो माह पूरे करते हुए मादक पदार्थों के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत जिलेभर में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए अवैध नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार किया गया है।

अभियान के दौरान कुल 2845 लीटर अवैध शराब जब्त की गई और इस संबंध में 357 प्रकरण दर्ज कर 367 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें कई मामलों में आरोपियों को आबकारी एक्ट की सख्त धाराओं के तहत जेल भेजा गया। खासतौर पर महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2612 लीटर शराब जब्त कर तस्करी पर अंकुश लगाया गया।

गांजा तस्करी के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। उड़ीसा मार्ग से संचालित नेटवर्क को तोड़ते हुए 16 मामलों में 27 तस्करों को गिरफ्तार किया गया और 100 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया। जब्त गांजा की कीमत करीब ₹25 लाख 50 हजार आंकी गई है।

अवैध अफीम की खेती के खिलाफ भी रायगढ़ पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई की। तमनार और लैलूंगा क्षेत्रों में छापेमारी कर 4 प्रकरण दर्ज किए गए, जिसमें 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 2963 किलो अवैध अफीम (पौधों सहित) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹4 करोड़ 18 लाख है।

👉 कुल मिलाकर “ऑपरेशन आघात” के तहत दो माह में करीब ₹4 करोड़ 50 लाख मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं, जो इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इसके साथ ही 394 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

मादक पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 24 वाहनों (21 दुपहिया और 3 चार पहिया) को भी पुलिस ने जब्त किया है। यह कार्रवाई दिखाती है कि पुलिस केवल सप्लाई ही नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को तोड़ने पर काम कर रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अपने क्षेत्र में किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों