कालूखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 6.84 लाख की अवैध शराब जब्त, क्रेटा कार सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

0
m31.11

रतलाम जिले की कालूखेड़ा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब के साथ एक क्रेटा कार और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। कुल जप्तशुदा सामग्री की कीमत लगभग ₹6.84 लाख बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कालूखेड़ा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों का खुलासा किया।

पहली कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि एक क्रेटा कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है। पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 16 पेटी देशी शराब, कुल 800 क्वार्टर (144 बल्क लीटर) बरामद किए। इस मामले में पुष्पराज सिंह राठौर और रघुवंशी मोगिया को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक अन्य आरोपी को उस समय पकड़ा, जब वह घर के पीछे घास में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखे हुए था। तलाशी में 236.64 बल्क लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। आरोपी राहुल नायक को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आरोपियों से शराब की तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई के बारे में पूछताछ की जा रही है। जरूरत पड़ने पर पुलिस रिमांड लेकर आगे की जांच भी की जाएगी, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब तस्करों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों