जांजगीर में महिला थाना का शुभारंभ: IG रामगोपाल गर्ग ने किया उद्घाटन, महिला सुरक्षा को मिला नया बल

0
a1.7.3

जांजगीर-चांपा जिले में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महिला थाना जांजगीर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर IG बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (IPS) ने फीता काटकर नए महिला थाने का उद्घाटन किया और इसे महिलाओं के लिए सुरक्षित व भरोसेमंद मंच बताया।

कार्यक्रम के दौरान परिवार परामर्श से जुड़े काउंसलरों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया और उन्हें ID कार्ड वितरित किए गए। IG ने काउंसलरों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पारिवारिक विवादों के समाधान में उनका योगदान समाज में समरसता बनाए रखने में बेहद अहम है।

इस दौरान जिले की महिला कमांडो टीम की भी सराहना की गई, जिन्होंने सुरक्षा और कानून व्यवस्था में बेहतर भूमिका निभाई है। साथ ही IG ने प्रेस प्रतिनिधियों से भेंट कर महिला सुरक्षा और पुलिस की प्राथमिकताओं पर चर्चा की और भरोसा दिलाया कि महिला थाना शिकायतों के त्वरित समाधान में मददगार साबित होगा।

IG द्वारा साइबर थाना जांजगीर का निरीक्षण भी किया गया, जहां उन्होंने साइबर अपराधों की जांच प्रक्रिया, डिजिटल साक्ष्य संकलन और तकनीकी संसाधनों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर अपराधों के मामलों में तेजी और पारदर्शिता बनाए रखते हुए आधुनिक तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए।

साइबर जनजागरूकता कार्यक्रम पर विशेष जोर देते हुए IG ने “संचार साथी” जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया अपराधों से बचने के उपाय बताए। साथ ही जिले के गणमान्य नागरिकों को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, SP श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह पहल जिले में महिला सुरक्षा को मजबूत करने और जनता-पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों