अंतर्राज्यीय बाइक चोर गैंग का भंडाफोड़ — 21 मोटरसाइकिल बरामद, 10 आरोपी गिरफ्तार, 15 लाख की रिकवरी
रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी सुखदेव चौहान सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर 21 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी सुखदेव चौहान और उसका साथी शिव नागवंशी रायगढ़ और ओडिशा के भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक चोरी कर सस्ते दामों में बेच रहे हैं।

पुलिस ने मुख्य आरोपी सुखदेव चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कई बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके साथी शिव नागवंशी की तलाश अभी जारी है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पेचकस जैसे सामान्य औजारों से बाइक का लॉक तोड़कर चोरी करते थे।
इस मामले में पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने वाले 9 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 14 मोटरसाइकिल बरामद की गई, जबकि 7 बाइक मुख्य आरोपी के पास से जब्त हुईं। आरोपियों द्वारा संगठित रूप से अपराध करने पर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई से थाना पूंजीपथरा और धरमजयगढ़ क्षेत्र में दर्ज कई बाइक चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए चोरी और खरीद-फरोख्त में शामिल सभी लोगों पर कार्रवाई की है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और चोरी की संपत्ति खरीदने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।
