“ऑपरेशन आघात” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 190 लीटर महुआ शराब जब्त, 8 भट्ठियां नष्ट
रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में घरघोड़ा थाना पुलिस ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण का भंडाफोड़ किया।
एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम घरघोड़ी के खेतधरहा नदी किनारे दबिश दी। मौके पर आरोपी छोटू डनसेना को अवैध महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अवैध बिक्री के उद्देश्य से शराब तैयार कर रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 190 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹19,000 है, जब्त की। इसके साथ ही शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे बड़े बर्तन, टिन टीपा और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर संचालित 8 अवैध भट्ठियों को भी नष्ट कर दिया, जिससे क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को बड़ा झटका लगा है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
