कस्टमर केयर के नाम पर ठगी का भंडाफोड़ — झारखंड के 3 आरोपी गिरफ्तार

0
a7.5.1

थाना तुमगांव क्षेत्र में हुई ₹2,49,988 की साइबर ठगी का महासमुंद पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी झारखंड के जामताड़ा और देवघर जिले के निवासी हैं, जिन्हें पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया।

जांच में सामने आया कि पीड़ित ने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च किया था, जिसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को BOODMO कंपनी का प्रतिनिधि बताकर संपर्क किया। आरोपी ने पीड़ित को Helpdesk Host ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा और स्क्रीन मिररिंग के जरिए बैंक खाते तक पहुंच बनाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 09 एंड्रॉयड मोबाइल (Vivo, Oppo, iPhone), लैपटॉप, वाई-फाई उपकरण और 02 सिम कार्ड सहित कुल ₹2,88,000 की संपत्ति बरामद की है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि ये आरोपी देश के कई राज्यों में सक्रिय थे। इनके खिलाफ उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब सहित 14 राज्यों में 36 से अधिक साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं, जिनमें करीब ₹12,26,948 की ठगी की गई है।

महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

⚠️ पुलिस की अपील:
किसी भी कस्टमर केयर नंबर को गूगल से बिना सत्यापन के कॉल न करें और किसी अनजान ऐप को डाउनलोड करने से बचें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों