कोतरारोड में महिला सुरक्षा से खिलवाड़ — 4 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार
रायगढ़ जिले के कोतरारोड थाना क्षेत्र में महिला के साथ गंभीर अपराध के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
घटना देर रात की बताई जा रही है, जब पीड़िता अपने पति के साथ सामान लेने मेन रोड स्थित दुकान गई थी। इसी दौरान ऑटो से पहुंचे आरोपियों ने महिला को जबरन अलग कर घटना को अंजाम दिया। विरोध करने पर पीड़िता के पति के साथ मारपीट भी की गई।
पीड़िता की शिकायत पर कोतरारोड पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 106/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना गिरी, दीपक सिदार, जागेश्वर पटेल और पिंटू निषाद शामिल हैं। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो (CG 12 AY 5870) भी जब्त कर लिया है।
वहीं फरार आरोपी योगेश सिदार की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
👉 पुलिस का सख्त संदेश:
महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में कड़ी से कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
